2018-04-25 15:08:00

मिशनरी महाधर्माध्यक्ष की अंतिम बिदाई में हजारों ने शोक प्रकट किया


भोपाल, बुधवार 25 अप्रैल 2018 (उकान) :  सोमवार 23 अप्रैल को पश्चिमी महाराष्ट्र राज्य के नागपुर शहर के संत फ्राँसिस डी सेल्स महागिरजाघर में नागपुर के महाधर्माध्यक्ष अब्राहम विरुथकुलंगारा के अंतिम संस्कार में कम से कम 5,000 लोगों ने भाग लिया और उन्हें भावभीनी बिदाई दी।

महाधर्माध्यक्ष अब्राहम विरुथकुलंगारा का निधन 19 अप्रैल को नई दिल्ली में दिल का दौरा पड़ने से हुआ। 74 वर्षीय महाधर्माध्यक्ष 30 अन्य धर्माध्यक्षों के साथ एक सभा में भाग लेने हेतु दिल्ली स्थित सीबीसीआई के मुख्यालय में थे।

दो कार्डिनलों और हिंदी भाषी धर्मप्रांतों के पचास से अधिक धर्माध्यक्षों ने महाधर्माध्यक्ष विरुथकुलंगारा के अंतिम संस्कार में भाग लिया। वे 34 साल की उम्र में 1977 में धर्माध्यक्ष के रूप में नियुक्त हुए थे।

नागपुर महाधर्मप्रांत के प्रवक्ता फादर लीजो जोसेफ ने कहा कि आदिवासियों के बीच अपने काम के लिए महाधर्माध्यक्ष विरुथकुलंगारा बहुत लोकप्रिय और सम्मानित थे। वे कई वर्षों तक धर्माध्यक्षीय युवा आयोग के अध्यक्ष भी थे।

सिरो-मलंकारा कलीसिया के प्रमुख कार्डिनल बेसिलियोस मार क्लीमिस ने मुख्य अधिष्ठाता के रुप में अंतिम संस्कार धर्मविधि का अनुष्ठान किया। उन्होंने कहा कि महाधर्माध्यक्ष विरुथकुलंगारा "भारत की कलीसिया के लिए एक अनमोल उपहार" थे। "वे साधारण लोगों के साथ रहने के लिए गांवों का दौरा किया करते थे। वे लोगों के साथ रहना पसंद करते थे। वे उन लोगों के सुख और दुख को साझा करते थे।

सिरो-मालाबार कलीसिया के प्रमुख कार्डिनल जॉर्ज अलेंचेरी ने अपने प्रवचन में कहा कि महाधर्माध्यक्ष विरुथकुलंगारा ने "धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों में सभी लोगों का दिल जीता है।"

मध्यप्रदेश के खांडवा धर्मप्रांत से बहुत से विश्वसियों ने अंतिम संस्कार में भाग लिया जहाँ महाधर्माध्यक्ष ने एक पुरोहित और धर्माध्यक्ष के रुप में अपनी सेवा दी। अपनी सादगी के लिए वे जाने जाते थे।

हिंदू मेडिकल डॉक्टर मुनीश मिश्रा ने कहा, "जरूरतमंदों के लिए उनका विशेष प्यार था और जाति, पंथ या रंग की परवाह किये बिना वे गरीबों की मदद करने के लिए हमेशा तैयार रहते थे।"

खांडवा धर्मप्रांत के 71 वर्षीय पुरोहित जोय पर्पली ने कहा कि कि महाधर्माध्यक्ष विरुथकुलंगारा ने बरेला आदिवासी समुदाय के बीच काम किया। उन्होंने आदिवासियों और वंचित लोगों के बीच "काम करने के लिए एक विशेष प्यार" विकसित किया।








All the contents on this site are copyrighted ©.