2018-01-30 17:01:00

अपहृत सि. ग्लोरिया का विडियो जारी, धर्माध्यक्ष द्वारा प्रार्थना का आग्रह


माली, मंगलवार, 30 जनवरी 2018 (रेई): "हमने दूसरों की तरह ही विडियो देखा है और यह जानकर खुश हैं कि वह जीवित है, जो हमें प्रार्थना करते रहने एवं उसके रिहाई के लिए प्रयास करने हेतु प्रेरित करता है।" यह बात माली में सिकास्सो के धर्माध्यक्ष जॉ बपतिस्ते तिआमा ने सि. ग्लोरिया सिसिलया नारवाएज़ अरगोती, जिनका अपहरण 8 फरवरी 2017 को हो गया था उनके विडियो जारी किये जाने पर फिदेस को जानकारी देते हुए कही।  

सि. ग्लोरिया, निष्कलंक मरियम की फ्राँसिसकन धर्मबहनों की कोलोम्बियायी धर्मसमाज की सदस्य हैं जिनका अपहरण दक्षिणी माली के कारांगगास्सो से हो गया था।

धर्मबहन को पुनः प्राप्त करने की आशा

धर्माध्यक्ष तोमा जिनके धर्मप्रांत में कारांगास्सा आता है उन्होंने कहा, "यह हमें सांत्वना प्रदान करता है कि सि. ग्लोरिया अच्छी स्थिति में दिखाई पड़ती हैं और वास्तव में विडियो में संत पापा की चिली एवं पेरू में प्रेरितिक यात्रा का जिक्र है जिससे लगता है कि यह विडियो कुछ ही दिनों का है और इसके द्वारा हमें बहुत आशा है।"  

रिहाई हेतु जागरण प्रार्थना

धर्माध्यक्ष ने याद दिलाया कि "अगले सप्ताह सि. ग्लोरिया के अपहरण के एक साल पूरा होने पर जागरण प्रार्थना का आयोजन किया जाएगा। उस दिन पूरा धर्मप्रांतीय समुदाय घटना स्थल पर जमा होकर, धर्मबहन की रिहाई हेतु प्रार्थना करेगा।"

इससे पूर्व जुलाई 2017 में भी अपहरण करने वालों ने एक विडियो जारी किया था जिससे लगता है कि अपहरण कर्ता ‘अल कायदा’ से जुड़े हैं।

संत पापा से अपील

नया विडियो जो चार मिनट एवं 44 सेकेंड का है, उसमें धर्मबहन ने संत पापा फ्राँसिस से अपनी रिहाई हेतु अपील की है तथा लातिनी अमरीका की प्रेरितिक यात्रा के लिए उन्हें बधाई दी है और जिक्र किया है कि उन्हें ख्रीस्त जयन्ती महापर्व के दौरान भी कैद कर रखा गया, इससे भी मालूम होता है कि यह विडियो दिसम्बर के अंत में रेकॉर्ड किया गया है। 








All the contents on this site are copyrighted ©.