2018-01-22 16:31:00

पेरू से विदा होकर संत पापा वापस वाटिकन लौटे


लीमा, सोमवार, 22 जनवरी 2018 (रेई): चिली एवं पेरू में 15 से 22 जनवरी तक अपनी सात दिवसीय प्रेरितिक यात्रा समाप्त कर संत पापा वाटिकन लौटे।

लीमा में धन्यवादी ख्रीस्तयाग समारोह के उपरांत संत पापा ने विभिन्न ख्रीस्तीय समुदायों के, सात प्रतिनिधियों से मुलाकात की जो काथलिक समुदाय के नहीं थे। उसके बाद उन्होंने लीमा हवाई अड्डा की ओर प्रस्थान किया जहाँ आधिकारिक विदाई समारोह सम्पन्न हुई। वे पेरू वासियों से विदा लेकर संध्या करीब 7.10 बजे रोम के लिए रवाना हुए।

विदाई लेने से पूर्व संत पापा ने पेरू वासियों से आग्रह किया कि वे आशा को बनाये रखें। उन्होंने पेरू के राष्ट्रपति से एवं उनकी पत्नी से अंतिम मुलाकात की। संत पापा ने पेरू की प्रेरितिक यात्रा को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रति भी अपनी हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त की।

चिली एवं पेरू की प्रेरितिक यात्रा समाप्त कर संत पापा मंगलवार को रोम समयानुसार दोपहर 2.15 बजे सकुशल रोम पहुँचे।

लीमा से रोम लौटते वक्त उन्होंने पेरू, कोलोम्बिया, वेनेजुएला, पुर्तगाल,स्पेन, फ्राँस एवं इटली के ऊपर से उड़ान भरी। उन्होंने वहाँ के नागरिकों का अभिवादन करते हुए उनपर ईश्वर के आशीर्वाद, उनकी शांति और समृद्धि की कामना की।  








All the contents on this site are copyrighted ©.