2018-01-11 16:05:00

प्रवासियों के लिए उदार वियतनाम की कलीसिया


वाटिकन सिटी, बृहस्पतिवार, 11 जनवरी 2018 (वाटिकन न्यूज़): 2018 के लिए विश्व शांति दिवस हेतु संत पापा फ्राँसिस का संदेश वियेतनाम में रंग ला रहा है।

वियतनाम के हो ची मिन्ह सिटी में डॉन बोस्को यूथ सेंटर में 7 जनवरी को विस्थापन सप्ताह के उद्घाटन पर लगभग 500 प्रवासी मजदूरों और छात्रों ने भाग लिया।

वियतनाम के काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के प्रवासियों और घुमंतू लोगों की प्रेरितिक देखभाल के लिए गठित समिति के अध्यक्ष तथा हो ची मिन्ह सिटी के सहायक धर्माध्यक्ष जोसेफ दो मान्ह हंग ने कहा, "स्थानीय कलीसियाओं का कर्तव्य है कि वह विस्थापित लोगों का स्वागत एवं उनकी रक्षा करे। कलीसिया में उन्हें शामिल किया जाए, साथ ही, उनके जीवन को बेहतर बनाने में मदद दिया जाए।

धर्माध्यक्ष हंग के अनुसार शहर 300,000 काथलिक विस्थापितों का निवास स्थल बन चुका है। विस्थापन को समर्पित सप्ताह के दौरान, उनके स्वास्थ्य, परिवार की समस्याओं, बोर्डिंग हाऊस के झगड़े, रकम की बचत एवं रोजगार की खोज आदि विषयों पर निर्देश दिये गये।

वियेतनाम में प्रेरितिक क्रिया-कलाप के रूप में आयोग ने विस्थापितों को गिरजाघरों में ख्रीस्तयाग की ऑनलाईन सूचना जारी की है तथा अस्पतालों, स्कूलों, बोर्डिंग हाउस तथा रोजगार केंद्रों की जानकारी उपलब्ध करायी है। उन्हें कानूनी सलाह भी दी गयी है। वे पल्लियों में शामिल होकर पल्ली के क्रिया-कलापों तथा धर्मशिक्षा कोर्स में भाग ले सकते हैं, गिरजाघरों में विवाह संस्कार एवं दफन क्रिया की धर्मविधि भी पूरी कर सकते हैं।

2018 के लिए विश्व शांति दिवस 1 जनवरी को मनाया गया जिसकी विषयवस्तु थी, "विस्थापित एवं शरणार्थी : स्त्री एवं पुरूष शांति की खोज में।"

इस दिन के लिए संत पापा फ्रांसिस ने अपने संदेश में विस्थापितों एवं शरणार्थियों की ओर से अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से अपील की थी कि उनकी उम्मीदों को बुझाने न दिया जाए और शांति हेतु उनकी उम्मीदों को न कुचला जाए। उन्होंने सभी से आग्रह किया था कि नए साल में, "अधिक सहायक और स्वागत करने वाली दुनिया बनाने के लिए उदारता के साथ काम करें।"








All the contents on this site are copyrighted ©.