2018-01-05 11:14:00

2018 की चुनौतियों के समक्ष संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने किया एकता का आह्वान


न्यूयॉर्क, शुक्रवार, 5 जनवरी 2018 (रेई, वाटिकन रेडियो): संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव अन्तोनियो गूतेर्रेस ने नववर्ष के उपलक्ष्य में प्रकाशित अपने सन्देश में 2018 की चुनौतियों का सामना करने हेतु एकता का आह्वान किया है।

मानवजाति के समक्ष प्रस्तुत गम्भीर समस्याओं की पृष्ठभूमि में महासचिव अन्तोनियो गूतेर्रेस ने अन्तरराष्ट्रीय समुदाय से एकता का आह्वान करते हुए कहा, "नववर्ष 2018 के दिन मैं कोई  अपील जारी नहीं कर रहा अपितु एक चेतावनी दे रहा हूँ – हमारे सम्पूर्ण विश्व के लिये एक चेतावनी।"    

अन्तोनियो गूतेर्रेस एक वर्ष पूर्व संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव नियुक्त किये गये थे। उस समय उन्होंने सर्वत्र शांति की अपील की थी किन्तु कई मायनों में विश्व में इसके विपरीत हुआ है।

महासचिव गूतेर्रेस ने कहा, "संघर्षों में वृद्धि हुई है, नवीन ख़तरे उभर आए हैं, परमाणु हथियारों के उपयोग पर धमकियाँ शीत युद्ध के बाद से कभी इतने उच्च स्तर तक नहीं पहुँची थीं। इसी बीच, जलवायु परिवर्तन की स्थिति और ख़राब हो गई है, असमानताएँ निरन्तर बढ़ती जा रही हैं तथा मानवाधिकारों का अतिक्रमण धड़ल्ले से जारी है। इसके अतिरिक्त, राष्ट्रवाद, चरमपंथ एवं नस्लगत हिंसा को प्रश्रय मिल रहा है।"  

इन सब के बावजूद महासचिव का विश्वास है कि अन्तरराष्ट्रीय समुदाय में एकता के द्वारा विश्व को एक सुरक्षित एवं मैत्री पूर्ण बनाया जा सकता है, संघर्षों का समाधान पाया जा सकता है, घृणा को परास्त कर मानवीय मूल्यों को प्रोत्साहन दिया जा सकता है किन्तु इन सबको हासिल करने के लिये उन्होंने कहा, "एकता और एकजुट होकर काम करने की नितान्त आवश्यकता है।"      

‎महासचिव ने कहा, "एकता ही वह मार्ग है जिसपर हमारा भविष्य निर्भर है।" विश्व के नेताओं का उन्होंने आह्वान किया कि विभाजन को कम करने तथा सामान्य लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु लोगों में विश्वास को पुनः जागृत करने हेतु वे प्रतिवद्ध होवें। 








All the contents on this site are copyrighted ©.