वाटिकन सिटी, बृहस्पतिवार, 4 जनवरी 2018 (रेई): संत पापा फ्राँसिस ने पेरू में सड़क दुर्घटना के शिकार लोगों के प्रति गहन संवेदना प्रकट की।
आपातकालीन सेवाओं के अधिकारियों ने कहा कि पेरू की राजधानी लीमा में मंगलवार को एक बस एवं एक ट्रक के बीच हुई टक्कर में कुल 48 लोगों की मौत हो गयी। मंगलवार को दुर्घटना प्रशांत महासागर के तट पर पासामायो के पास पारामेरिकाना नोरते राजमार्ग पर हुई।
वाटिकन राज्य सचिव कार्डिनल पीयेत्रो परोलिन ने संत पापा की ओर से एक तार संदेश प्रेषित कर घटना के शिकार सभी लोगों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की। उन्होंने कहा, "पासामायो में दुखद दुर्घटना की खबर सुन संत पापा अत्यंत दुःखी हैं। जिसमें कई लोगों की मौत हो गयी है वे मृतकों की आत्माओं की अनन्त शांति हेतु प्रार्थना करते हैं।"
उन्होंने लिखा कि संत पापा मृतकों के दुखित प्रियजनों को सांत्वना एवं घायलों को अपना आध्यात्मिक सामीप्य प्रदान करते हैं, साथ ही साथ, प्रभु से शांति एवं ख्रीस्तीय आशा हेतु प्रार्थना करते हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना में कुल 48 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 6 लोग घायल हैं एवं उनका इलाज चल रहा है।
पेरू में असुरक्षित राजमार्ग होने के कारण सड़क दुर्घटना आम बात है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जाँच कर रहे हैं।
(Usha Tirkey)
Social: