2017-12-15 10:35:00

रिहा पुरोहित मदर तेरेसा पुरस्कार से सम्मानित


मुम्बई, शुक्रवार, 15 दिसम्बर 2017 (ऊका समाचार): यमन में 18 माहों तक बन्धक रहने के उपरान्त रिहा किये गये साईलिशियन धर्मसमाजी पुरोहित फादर थॉमस ऊझ़ुन्नालिल को मदर तेरेसा पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

"हारमनी फाऊन्डेशन" नामक मुम्बई स्थित स्वयं सेवी संगठन ने, "सीमा रहित दया" शीर्षक के अन्तर्गत, 10 दिसम्बर को, फादर थॉमस ऊझ़ुन्नालिल को सामाजिक न्याय हेतु मदर तेरेसा पुरस्कार से सम्मानित किया।  

यमन में सेवारत फादर थॉमस ऊझ़ुन्नालिल का संदिग्ध इस्लामिक आतंकवादियों ने 04 मार्च 2016 को अपहरण कर लिया था। यमन के एडन शहर में मदर तेरेसा द्वारा स्थापित उदारता के मिशनरी धर्मसंघ द्वारा संचालित एक वृद्धाश्रम पर आतंकवादियों ने हमला कर दिया था। आतंकवादियों के गोली चालन में चार काथलिक धर्मबहनों सहित 16 लोग मारे गये थे तथा फादर थॉमस का अपहरण कर लिया गया था। इस वर्ष 13 सितम्बर को फादर थॉमस को रिहा किया गया था।

पुरस्कार के लिये धन्यावाद ज्ञापित करते हुए फादर थॉमस ने कहा कि उनके मन में किसी के प्रति घृणा का भाव नहीं है।

"हारमनी फाऊन्डेशन" के अध्यक्ष अब्राहम मथाय ने पुरस्कार समारोह में कहा, "आज हमारे समाज को फादर थॉमस ऊझ़ुन्नालिल जैसे लोगों की नितान्त आवश्यकता है जिससे ज़रूरतमन्दों के प्रति करुणा प्रदर्शित की जा सके।" 

ऊका न्यूज़.कॉम से उन्होंने कहा कि फादर थॉमस ऊझ़ुन्नालिल ने अपने मन की बात सुनी और परिणामों की परवाह किये बिना एक ख़तरनाक स्थल पर सेवा कर दया दर्शाई। श्री मथाय ने कहा कि फादर ऊझ़ुन्नालिल को सम्मानित कर वे समाज को दया के कार्यों के लिये प्रेरित करना चाहते थे।








All the contents on this site are copyrighted ©.