वाटिकन सिटी, सोमवार 27 नवम्बर 2017 (वीआर,रेई) : संत पापा फ्राँसिस ने म्यांमार और बांग्लादेश की अपनी प्रेरितिक यात्रा के पूर्व शनिवार 25 नवम्बर की शाम को संत मरिया मेजर महागिरजाघर का दर्शन किया। संत पापा ने रोमवासियों की संरक्षिका माता मरियम की प्रतिमा को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए प्रेरितिक यात्रा की सफलता हेतु प्रार्थना की।
संत पापा प्रथानुसार अपनी प्रेरितिक विदेश यात्रा करने से पहले और यात्रा के बाद रोमवासियों की संरक्षिका माता मरियम के दर्शन करने संत मरिया मेजर महागिरजाघर जाते हैं।
संत पापा ने रविवार को संत पेत्रुस महागिरजाघर के प्रांगण में उपस्थित भक्त समुदाय एवं तीर्थयात्रियों को देवदूत प्रार्थना के उपरांत म्यांमार और बांग्लादेश की अपनी प्रेरितिक यात्रा के बारे अवगत कराया और कहा,“मैं आप लोगों से प्रार्थना की अर्ज करता हूँ कि मेरी मौजूदगी म्यांमार और बांग्लादेश के लोगों के लिए निकटता और आशा की एक संकेत हो सके।"
कुछ दिनों पहले संत पापा ने म्यांमर और बांग्लादेश के लोगों को भेजे वीडियो संदेश में कहा कि वे उनके देश के काथलिक आबादी के "विश्वास और सुसमाचार गवाह" की पुष्टि करने के लिए जा रहे हैं। संत पापा की आशा है कि उनकी यात्रा सभी के लिए "आशा और प्रोत्साहन का स्रोत" होगा।
All the contents on this site are copyrighted ©. |