2017-10-18 16:27:00

धर्माध्यक्षों ने संत पापा के उपहारों के लिए आभार व्यक्त किया


यांगून, बुधवार, 18 अक्टूबर 2018 (एशिया समाचार) : म्यांमार की काथलिक कलीसिया ने संत पापा फ्राँसिस को उनके तीन उपहारों के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। ये तीन उपहार हैं - म्यांमार गणराज्य और वाटिकन के बीच पूर्ण राजनयिक संबंधों की स्थापना और प्रेरितिक राजदूतावास की स्थापना, प्रथम प्रेरितिक राजदूत महाधर्माध्यक्ष पॉल शांग इन-नाम की नियुक्ति और 27 से  30 नवम्बर 2017 तक संत पापा की म्यांमार स्थित ‘यांगून’ तथा ‘नाय प्यी टाव’ की प्रेरितिक यात्रा।

 यांगून के पवित्र निष्कलंक गर्भागमन महागिरजाघर में रविवार को धन्यवादी समारोही ख्रीस्तयाग का अनुष्ठान कार्डिनल चार्ल्स माउन्ग बो ने किया। जिसमें कई पुरोहितों, धर्मसंघियों और हजारों की संख्या में लोकधर्मियों ने भाग लिया और औपचारिक तौर पर नये प्रेरितिक राजदूत महाधर्माध्यक्ष पॉल शांग इन-नाम का स्वागत किया गया।

कार्डिनल बो ने कहा कि यह म्यांमार की काथलिक कलीसिया के लिए एक बड़ी ऐतिहासिक घटना है।

"हाल के वर्षों में, ईश्वर हमारे देश और कलीसिया के प्रति बहुत मेहरबान हुए हैं, उन्होंने हमें तीन उपहारों से विभूषित किया है। आइये, हम उनके सभी उपहारों के लिए ईश्वर और संत पापा को धन्यवाद दें।″

कार्डिनल बो का कहना था कि काथलिक कलीसिया में हो रही इन गतिविधियों द्वारा काथलिक अपने विश्वास में मजबूत और सेवा के लिए प्रतिबद्ध होंगे तथा देश में मिशनरी प्रोत्साहन के साथ समाज में सेवा प्रदान करने में मदद मिलेगी।

नये प्रेरितिक राजदूत महाधर्माध्यक्ष पॉल ने काथलिक समुदाय को उनके स्वागत के लिए धन्यवाद दिया एवं राष्ट्रीय शांति एवं सुलह हेतु काम करने के लिए सभी कलीसियाई नेताओं, पुरोहितों, धर्मबहनों और लोकधर्मियों को आमंत्रित किया।

म्यांमार की आबादी 510 लाख है। जिसमें 88.9 % बौद्ध धर्मानुयायी हैं और 6.3 % याने करीब सात लाख काथलिक हैं जो संत पापा के स्वागत की तैयारी में संलग्न हैं।

देश के तीन महाधर्मप्रांत और 16 धर्मप्रांत 17 सक्रिय और छह सेवानिवृत्त धर्माध्यक्ष, 939 पुरोहितगण, 1,398 पुरुष और महिला धर्मसंघी और 2,695 धर्मप्रचारक हैं।








All the contents on this site are copyrighted ©.