2017-09-30 16:27:00

तीन महादूतों का पर्व मनाते हुए हम उनकी बुलाहट में सहभागी


वाटिकन सिटी, शनिवार, 30 सितम्बर 2017 (रेई): संत पापा फ्राँसिस ने कहा कि तीन महादूतों- मिखाएल, गाब्रिएल और रफाएल का महापर्व मनाते हुए हम ईश्वर की मुक्ति योजना में सहयोग देने हेतु उनकी बुलाहट में सहभागी होते हैं।

शुक्रवार 29 सितम्बर को तीन महादूतों- मिखाएल, गाब्रिएल और रफाएल के महापर्व के अवसर पर वाटिकन स्थित प्रेरितिक आवास संत मर्था के प्रार्थनालय में ख्रीस्तयाग अर्पित करते हुए संत पापा ने कहा कि महादूत प्रभु के सामने उनकी सेवा, स्तुति एवं उनकी महिमा पर चिंतन करने हेतु उपस्थित रहते हैं। उन्होंने कहा कि दूतगण बड़े मननशील होते हैं। वे प्रभु का ध्यान करते एवं उनकी सेवा करते हैं इतना ही नहीं प्रभु उन्हें हमारे जीवन रास्ते पर हमारा साथ देने के लिए भेजते हैं।  

संत पापा ने महादूत मिखाएल एवं रफाएल के कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनकी भूमिका हमारी मुक्ति की यात्रा में अधिक महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा, ″मिखाएल शैतान से लड़ाई करता है तथा मनुष्यों को बुरी से बचाता है। वह उस सांप से हमें बचाता है जो हमें बुराई के जाल में फंसाता, हमें पतन की ओर ले चलता एवं ईश्वर के सामने हम पर दोषारोपण कर हमें अपने साथ कर लेता है।″ महादूत मिखाएल हमें स्वर्ग जाने के रास्ते पर प्रलोभन में पड़ने से बचाता है।

महादूत गाब्रिएल हमारे लिए शुभ संदेश लेकर आता है। यही वह महादूत है जिसने जकारियस को योहन बपतिस्ता के जन्म का संदेश दिया था तथा मरियम को येसु के जन्म का शुभसमाचार सुनाया था।

महादूत गाब्रिएल हमारा साथ देता एवं हमारी यात्रा में मदद करता है, विशेषक, उस समय जब हम सुसमाचार को भूल जाते हैं। वह हमें स्मरण दिलाता है कि येसु हमें बचाने आये।

तीसरा महादूत रफाएल हमारे साथ चलता और हमारी देखभाल करता है। वह हमें गलत रास्ते पर जाने से बचाता है।

संत पापा ने कहा कि वे हमारे साथी हैं जो ईश्वर तथा हमारी सेवा में सदा तत्पर रहते हैं। उन्होंने प्रार्थना की कि महादूत मिखाएल जीवन संघर्ष में हमारी सहायता करे, महादूत गाब्रिएल हमें मुक्ति का शुभ संदेश प्रदान करे और महादूत रफाएल हमारा हाथ पकड़कर हमें सही रास्ते पर चलने में मदद करे।








All the contents on this site are copyrighted ©.