2017-08-11 11:49:00

कैमरून में सेवारत भारतीय धर्मबहन तस्करी विरुद्ध काम के लिये पुरस्कृत


वाशिंगटन, शुक्रवार, 11 अगस्त सन् 2017 (ऊका समाचार): कैमरून में सेवारत एक भारतीय धर्मबहन को, मानव तस्करी की शिकार बनी महिलाओं को बचाने के लिये, एक अन्तरराष्ट्रीय एजन्सी के पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। 

आधुनिक दासता को समाप्त करने के लिए देशों की सूची बनानेवाली संयुक्त राज्य अमरिका की वार्षिक तस्करी रिपोर्ट (टीआईपी) के अनुसार तस्करी के खिलाफ लड़ाई हेतु हाल ही में विश्व के आठ नायकों को सम्मानित किया गया था जिनमें 39 वर्षीया भारतीय काथलिक धर्मबहन सिस्टर वान्या जोसफ़ीन भी शामिल हैं।  

सिस्टर वान्या जोसफ़ीन अफ्रीकी राष्ट्र कैमरून के कुम्बो काथलिक धर्मप्रान्त की न्याय एवं शांति सम्बन्धी समिति की समन्वयकर्त्ता हैं। विगत वर्ष उन्होंने मानव तस्करी की शिकार बनी 14 महिलाओं को उनके घर वापस लौटाया था। महिलाओं ने घर लौटने पर बताया कि उन्हें मादक दवाएं पिलाई गई थीं, उनके साथ हर प्रकार का दुर्व्यवहार किया गया था तथा उनका बलात्कार किया गया था।

अमेरिकी रिपोर्ट में कहा गया कि कैमरून ने कुछ पीड़ितों को सेवाएं प्रदान करके तथा मध्य पूर्व में अपना एक प्रतिनिधिमंडल भेजकर  तस्करी को समाप्त करने के लिए अमरीकी न्यूनतम मानकों को पूरा किया है।








All the contents on this site are copyrighted ©.