2017-07-31 15:54:00

लोयोला के संत इग्नासियुस के पर्व दिवस पर संत पापा का ट्वीट


वाटिकन सिटी, सोमवार 31 जुलाई 2017 (रेई) : आज 31 जुलाई को काथलिक कलीसिया येसु समाजी धर्मसंघ के संस्थापक लोयोला के संत इग्नासियुस का त्योहार मनाती है। इस अवसर पर संत पापा फ्राँसिस जो एक येसु समाजी धर्मसंघी पुरोहित भी हैं, ट्वीट प्रेषित कर सभी को पड़ोसियों की सेवा हेतु प्रेरित किया।

संदेश में उन्होंने लिखा,″लोयोला के संत इग्नासियुस के समान दूसरों की सेवा में आइये हम भी प्रभु येसु के निर्देशन में खुद को छोड़ दें।″

इग्नासियुस का जन्म सन् 1491 ई. में स्पेन के बॉस्क स्थित लोयोला में हुआ। 26 वर्ष में वे नाम और शोहरत के लिए एक सैनिक बने। पैंपलोना के युद्ध के दौरान 20 मई 1521 ई. को वे बुरी तरह जख्मी हो गए। स्वास्थ्य लाभ के लिए वे लोयोला वापस भेजे गए। स्वास्थ्य लाभ के दौरान उन्होंने विभिन्न संतों की जीवनी पढी़। संतों की जीवनी ने उनको काफी प्रभावित किया। इग्नासियुस के मन में यह बात आई कि जब दूसरे संत बन सकते हैं तो वे संत क्यों नहीं बन सकते। इस महत्वपूर्ण और बड़े बदलाव के लिए उन्होंने खुद को शिक्षित करने की ठानी। 32 वर्ष की आयु में स्पेन के बार्सिलोना में शिक्षा प्राप्त करने गए। 45 वर्ष की आयु में मास्टर डिग्री हासिल की। इग्नासियुस ने अपने मित्रों को भी गरीबी, शुद्धता और आज्ञाकारिता का जीवन जीने हेतु उत्साहित किया। शिक्षा के माध्यम से समाज और लोगों में व्यापक बदलाव लाने के लिए 5 अगस्त सन् 1534 ई. को उन्होंने येसु समाज की स्थापना की। इसमें उनके साथ संत फ्रांसिस जेवियर और संत फाबेर का भी विशेष योगदान रहा। सन् 1548 ई. में अपनी धार्मिकता को एक पुस्तक में बांधा और सन् 1554 ई. में येसु समाज का संविधान लिखा।  65 साल की उम्र में 31 जुलाई 1556 ई. को उनका निधन हो गया। मरणोपरांत इग्नासियुस, तेरेसा ऑफ अविला, इसीदोर द फारमर, फिलिप नेरी और फ्रासिस जेवियर के साथ संत घोषित किये गये।

वर्तमान में 16,378 येसु समाजी 112 देशों में मानवता की सेवा में समर्पित हैं। 14 अक्टूबर 2016 से येसु समाज धर्मसंघ के 31वें परमाधिकारी वेनेजुएला स्थित काराकास निवासी फादर अरतूरो सोसा येसु धर्मसंधियों का नेतृत्व कर रहे हैं। 








All the contents on this site are copyrighted ©.