2017-07-19 16:49:00

फिलीपींस धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के नये अध्यक्ष की नियुक्ति


मनिला , बुधवार,19 जुलाई 2017 (वा. रेडियो) : मनिला स्थित पाको के संत पापा पियुस बारहवें काथलिक केन्द्र में दवाओ महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष रोमुलो वाल्लेस फिलीपींस धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के नये अध्यक्ष नियुक्त हुए। महाधर्माध्यक्ष रोमुलो फिलीपींस काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के उपाध्यक्ष पद पर कार्यरत थे। वे लिगायेन-डागुपान के महाधर्माध्यक्ष सोक्रेट्स विल्लेगास का स्थान ग्रहण करेंगे, जिन्होंने अध्यक्ष पद पर अपनी दूसरी और अंतिम अवधि समाप्त की।

महाधर्माध्यक्ष वाल्लेस 86 धर्मप्रांतों से फिलीपींस काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के 83 धर्माध्यक्षों, 5 धर्मप्रांतीय प्रशासकों और 43 मानद सदस्यों की अगुवाई करेंगे।

कालगून के धर्माध्यक्ष पाब्लो विरजिलो डेविट फिलीपींस काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के उपाध्यक्ष नियुक्त हुए।

फिलीपींस काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के अधिकारियों का कार्यकाल दो वर्षों के लिए होता है और उनकी नियुक्ति दो बार तक हो सकती है। इस प्रकार वे चार साल तक पद में कार्य कर सकते हैं।

महाधर्माध्यक्ष वाल्लेस के पुरोहिताभिषेक 1976 में हुआ था। 1997 में वे किडापावान के धर्माध्यक्ष नियुक्त हुए। 2006 में वे जामबोन्गा के महाधर्माध्यक्ष नियुक्त हुए और 2012 में उनका तबादला दावाओ महाधर्मप्रांत में हुआ।

बाइबिल विद्वान के नाम से ज्ञात धर्माध्यक्ष डेविड केवल जनवरी वर्ष 2016 से कालगून धर्मप्रांत में अपनी सेवा दे रहे हैं। उनका पुरोहिताभिषेक मार्च 1983 में हुआ था। 2006 में वे पामपान्गा संत फेरनांन्दो के सहायक धर्माध्यक्ष नियुक्त हुए। वहाँ उन्होंने 10 वर्षों तक अपनी सेवा प्रदान की।

फिलीपींस काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के नियमानुसार, औपचारिक रूप से नए अधिकारी 1 दिसंबर  2017 को अपने पद ग्रहण करेंगे।








All the contents on this site are copyrighted ©.