2017-06-07 15:38:00

पेरिस, नोटर डेम महागिरजाघर के सामने एक अफ़सर पर हथौड़े से हमला


पेरिस, बुधवार,7 जून 2017 (एशिया न्यूज) :  खुद को "इस्लामी राज्य में एक सैनिक" के रूप में परिभाषित करने वाले एक चालीस वर्षीय पुरुष ने कल 6 जून अपराहन को पेरिस में  नोटर डेम महागिरजाघर के सामने एक पुलिस अफ़सर पर हथौड़े से हमला किया था। पुलिस अफ़सर को एक गंभीर चोट लगी और उसके एक साथी पुलिस अधिकारी ने हमलावर के पैरों में गोली मारी और उसे घायल कर दिया। हमलावर के जेब में किचन का एक छूरा भी था।

 पेरिस में नोटर डेम महागिरजाघर पर्यटकों की सबसे पसंदीदा जगहों में से एक है। पुलिस अफ़सर पर हमला होते देखकर बहुत से पर्यटक अपने बचाव में नोटर डेम महागिरजाघर में प्रवेश किये। पुलिस ने अन्य हमलावरों की खोज पड़ताल करने तक सभी को गिरजाघर में रहने के लिए बाध्य किया।

हमलावर की पहचान कर ली गई है। सन् 1977 में जन्में फरीद इककेन अल्जीरियाई मूल हैं जो मार्च 2014 में फ्रांस पहुंचे थे। वे लोरेन विश्वविद्यालय के एक शोधकर्ता और समाजशास्त्र में स्नातक हैं। हाल ही के महीनों में फरीद इककेन चेरी- पोंतिस परिसर में रहते थे। उसके अपार्टमेंट में एक वीडियो पाया गया जिसमें उसने आईसिस की निष्ठा की शपथ ली और हमले करने का वादा किया।

फ़्रांस के आंतरिक मामलों के मंत्री जेहा कोलोम ने कहा कि हमलावर ने चिल्लाते हुए कहा था कि 'यह सीरिया के लिए है'। सरकारी वकीलों ने इसे आतंकवादी घटना मानते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।

फ़्रांस अमरीका की अगुवाई वाले उस गठबंधन का हिस्सा है जो सीरिया में चरमपंथी संगठन 'इस्लामिक स्टेट' पर हमले कर रहा है।








All the contents on this site are copyrighted ©.