2017-06-01 16:44:00

कार्डिनल हुसार के निधन पर संत पापा का शोक संदेश


वाटिकन सिटी, बृहस्पतिवार, 1 जून 2017 (वीआर सेदोक): यूक्रेन स्थित कैव हालेक के महाधर्माध्यक्ष एवं यूक्रेन के ग्रीक काथलिक कलीसिया के शीर्ष कार्डिनल लुबोम्यार हुसार का निधन एक गंभीर बीमारी की वजह से 31 मई को हुई। वे 84 वर्ष के थे। उनके निधन के साथ ही कार्डिनलों की कुल संख्या 221 हो गयी है जिनमें 116 कॉनक्लेव में भाग ले सकेंगे और 105 कॉनक्लव में भाग नहीं ले सकेंगे।

संत पापा फ्राँसिस ने यूक्रेन की ग्रीक काथलिक कलीसिया के शीर्ष स्वीयातोस्लाव को एक तार संदेश प्रेषित कर कार्डिनल लुबोम्यार हुसार के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने संदेश में कार्डिनल लुबोम्यार हुसार के बारे कहा कि वे एक उत्साही चरवाहे थे तथा चुनौतियों के बावजूद ख्रीस्त के प्रति उनकी निष्ठा की याद की।

कार्डिनल लुबोम्यार हुसार का जन्म 26 फरवरी सन् 1933 ई. में लविव में हुई थी। युद्ध के कारण उनका परिवार ऑस्ट्रिया चला गया था तथा बाद में अमरीका।

उन्होंने सेमिनरी में शिक्षक का काम किया एवं न्यूयॉर्क में पल्ली पुरोहित के रूप में भी सेवा दी थी। रोम के परमधर्मपीठीय उर्बानियन विश्वविद्यालय से ईश शास्त्र में डॉक्ट्रेट की उपाधि हासिल करने के उपरांत उन्होंने स्टूडैट मठ में प्रवेश किया था। उनका पुरोहिताभिषेक 2 अप्रैल 1977 को यूक्रेन में हुआ था।

सन् 1994 ई. में उन्होंने तेरनोपित में एक नये स्टूडैट मोनास्ट्री की स्थापना की। 22 फरवरी 1996 को वे धर्माध्यक्ष नियुक्त हुए थे।

14 अक्टूबर 1996 को यूक्रेन के ग्रीक काथलिक कलीसिया के धर्माध्यक्षीय धर्मसभा ने उन्हें लविव के महाधर्माध्यक्ष के सहायक धर्माध्यक्ष नियुक्त किया था। कार्डिनल मेरोस्लाव लुबाकिवस्की के निधन के बाद 25 जनवरी 2001 को, यूक्रेन के धर्माध्यक्षीय धर्मसभा ने उन्हें यूक्रेन की कलीसिया के लिए महाधर्माध्यक्ष नियुक्त किया था। संत पापा जोन पौल द्वितीय ने इस चुनाव को अनुमोदन दिया था तथा उसके एक माह बाद 21 फरवरी 2001 को उन्हें कार्डिनल नियुक्त किया था।

जून 2001 में कार्डिनल हुसार ने संत पापा जॉन पौल द्वितीय को यूक्रेन निमंत्रण दिया था।

सन् 2005 में कार्डिनल हुसार ने कॉनक्लेव में हिस्सा लिया था जिसने संत पापा बेनेडिक्ट 16वें का चुनाव किया था।

कार्डिनल हुसार ने महाधर्माध्यक्ष एवं यूक्रेन की ग्रीक काथलिक कलीसिया के सिनॉड अध्यक्ष के रूप में 10 फरवरी 2011 तक अपनी सेवा प्रदान की। 








All the contents on this site are copyrighted ©.