वाटिकन सिटी, शनिवार, 27 मई 2017 (वीआर सेदोक): संत पापा फ्राँसिस ने मिस्र के कॉप्टिक ख्रीस्तीयों की हत्या पर गहन शोक व्यक्त की, उन्हें प्रार्थना का आश्वासन दिया तथा उनकी हत्या को घृणा का एक मूर्खता पूर्ण कार्य मानते हुए उसकी कड़ी निंदा की।
शुक्रवार को कॉप्टिक ख्रीस्तीयों पर आक्रमण तब हुआ जब वे मिस्र की राजधानी काहिरा से, तीर्थयात्रा हेतु 140 किलो मीटर दूर संत सामुएल मठ जा रहे थे। 10 बंदूकधारियों ने उनके बस को रोककर उन्हें मुसलमान धर्म स्वीकार करने पर दबाव डाला तथा उनके अस्वीकार करने पर फायरिंग की जिससे करीब 28 लोगों की मौत हो गयी तथा अन्य 23 लोग घायल हो गये।
बताया जा रहा है कि हमले के शिकार अधिकतर महिलाएँ एवं बच्चे थे।
संत पापा की ओर से वाटिकन राज्य सचिव कार्डिनल पीयेत्रो परोलिन ने मिस्र के राष्ट्रपति अबदेल फत्ताह एल सीसी को एक तार संदेश प्रेषित कर कहा, ″मिस्र की राजधानी काहिरा में बर्बरता पूर्ण हमले की खबर सुन संत पापा अत्यन्त दुःखी हैं तथा घृणा के कारण मूर्खतापूर्ण कृत्य द्वारा मृत्यु के शिकार एवं घायल लोगों के प्रति हार्दिक संवेदना प्रकट करते हैं। खासकर, उन बच्चों की याद करते हैं जिन्होंने अपना जीवन खो दिया है, संत पापा उनकी आत्माओं को करुणावान ईश्वर के हाथों सिपुर्द करते हैं। वे उनके शोकित परिवारों तथा सभी घायलों को अपनी विशेष प्रार्थना का आश्वासन देते हैं।″ उन्होंने कहा कि संत पापा देश में शांति एवं मेल-मिलाप हेतु प्रार्थना करते हैं।
हाल के महीनों में देश में कॉप्टिक ख्रीस्तीयों पर कई हमले हुए हैं जिनकी ज़िम्मेदारी कथित इस्लामिक स्टेट के मिस्र शाखा ने ली है।
इस साल अप्रैल में दो कॉप्टिक गिरजाघरों पर आत्मघाती हमले हुए थे जिनमें 40 लोगों की मौत हुई थी।
All the contents on this site are copyrighted ©. |