2017-04-04 11:20:00

प्रेरक मोतीः सेविल के सन्त इसीडोर (560-636)


वाटिकन सिटी 04 अप्रैल सन् 2017

सेविल के सन्त इसीडोर तीन दशकों से अधिक समय तक सेविल के महाधर्माध्यक्ष रहे थे। दर्शनशास्त्री और इतिहासकार सेविल के इसीडोर काथलिक कलीसिया के महाधर्माध्यक्ष, आचार्य और सन्त हैं।

स्पेन के कारथाजेना में एक प्रभावशाली और धर्मपरायण परिवार में इसीडोर का जन्म सन् 560 ई. में हुआ था। इतिहासकार मोन्टालेमबेर्ट ने उन्हें "प्राचीन दुनिया के अन्तिम विद्धान" कहकर पुकारा है। दरअसल, उनके बाद मध्ययुग में हिसपानिया अर्थात् आधुनिक स्पेन और पुर्तगाल का जितना भी इतिहास लिखा गया वह सब इसीडोर द्वारा लिखे इतिहास पर आधारित है।

तत्कालीन स्पेन में व्याप्त भव्य हिंसा और निरक्षरता तथा शास्त्रीय संस्कृति के विघटन के समय इसीडोर ने विसीगोथिक आर्यों के शाही परिवार को काथलिक धर्म से परिचित कराया था। अपने भाई, सेविल के महाधर्माध्यक्ष लेआनडर, के साथ सहयोग कर उन्होंने स्पानी संघर्षों के कोलाहल के बीच शांति की स्थापना की थी। भाई के निधन के बाद इसीडोर सेविल के धर्माध्यक्ष बने तथा भाई द्वारा आरम्भ कार्यों को पूरा करते रहे। स्पेन और पुर्तगाल के तत्कालीन विसिगोथिक राजा सिसेबूत के आंतरिक चक्र में इसीडोर बहुत प्रभावशाली थे जिसके चलते वे हिसपानी समाज में प्रेम, क्षमा और पुनर्मिलन के बीज आरोपित कर पाये। अपने भाई, महाधर्माध्यक्ष लेआन्डेर की तरह ही, धर्माध्यक्ष इसीडोर ने तोलेदो और सेविल में सम्पन्न परिषदों में प्रमुख भूमिका निभाई। आधुनिक इतिहासकारों का कहना है कि इन परिषदों के फलस्वरूप स्थापित विसिगोथिक विधान ने प्रतिनिधि सरकार के प्रारम्भ पर अत्यधिक प्रभाव डाला।

सेविल के इसीडोर का निधन सन् 636 ई. में हो गया था। सन्त पापा क्लेमेन्त अष्टम् द्वारा सन् 1598 ई. में आप सन्त घोषित किये गये थे। सन् 1722 ई. में सन्त पापा इनोसेन्ट आठवें ने आपको काथलिक कलीसिया के आचार्य घोषित कर सम्मानित किया था। सन् 2000 के वर्षों में सेविल के इसीडोर को इन्टरनेट और नई मीडिया का संरक्षक सन्त घोषित किया गया है। सेविल के इसीडोर का पर्व 04 अप्रैल को मनाया जाता है।

सेविल के इसीडोर की तरह ही उनके भाई लेआनडेर, भाई फुलजेनतियुस तथा बहन फ्लोरेन्तीना भी काथलिक कलीसिया के सन्त हैं। 

चिन्तनः सतत् प्रार्थना से सांसारिक सुख वैभव के परित्याग का हम सम्बल प्राप्त करें ताकि ईश्वर एवं पड़ोसी के प्रति हमारा प्रेम दिन ब दिन विकसित होता रहे।








All the contents on this site are copyrighted ©.