2017-01-04 15:37:00

प्रभु प्रकाश पर्व के पूर्व संत पापा भूकंप पीड़ितों से मुलाकात करेंगे


वाटिकन सिटी, बुधवार, 4 जनवरी 2017 (सेदोक) : वाटिकन के संत पौल छठवें सभागार में संत पापा फ्राँसिस प्रभु प्रकाश पर्व के पूर्व 5 जनवरी को मध्य इटली के भूकंप पीड़ितों से मुलाकात करेंगे।

स्पोलेतो-नोरचा महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष रेनातो बोकारडो, पल्लीपुरोहितगण और करीब 800 लोकधर्मी संत पापा के आमदर्शन समारोह में भाग लेंगे। शहरों के पुनर्निर्माण कार्यों में संलग्न नागर अधिकारियों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे। संत एउतीजियो अबय के पल्लीपुरोहित आमदर्शन समारोह में भाग लेने वालों की ओर से संत पापा के संबोधित करेंगे।

स्पोलेतो-नोरचा महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष रेनातो बोकारडो ने कहा कि संत पापा से वे लोग मुलाकात करेंगे जिन्होंने अपने प्रियजनों, अपने घरों और सारी सम्पति को खो दिया है और जो अपने निवासस्थान से विस्थापित हुए है। संत पापा उन लोगों से मिलना चाहते हैं जो भूकंप के कारण गंभीर रुप से प्रभावित हुए हैं और उन्हें "सांत्वना और आशा" की जरुरत है।

महाधर्मप्रांत के एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि संत पापा के साथ आम दर्शन द्वारा भूकंप प्रभावित स्थानीय काथलिक कलीसिया में 'आंतरिक नैतिक नवीकरण’ होगा। जीवन में आगे बढ़ने को साहस मिलेगा।

विदित हो कि बीते वर्ष मध्य इटली में 24 अगस्त को 6.6 की तीव्रता से आये भूकंप में अमात्रीचे शहर में करीब 300 लोगों की जानें गई। पूरा शहर मलबे में तबदील हो गया था और दो महीने बाद 30 अक्टूबर को उसी क्षेत्र में फिर से भूकंप आया। संत बेनेदिक्त और संत स्कोलास्टिका के जन्मस्थान नोरचा में आये भूकंप में दो लोगों की मृत्यु हुई थी।








All the contents on this site are copyrighted ©.