2016-12-31 14:23:00

संत पापा ने अलेप्पो के लैटिन पल्ली से पत्र प्राप्त किया


वाटिकन सिटी, शनिवार, 31 दिसम्बर 2016 (एशियान्यूज) : संत पापा फ्राँसिस ने सीरिया के अलेप्पो स्थित संत फ्राँसिस लैटिन पल्लीवासियों द्वारा प्रेषित पत्र प्राप्त किया, जिसमें पल्लीवासियों ने विश्व शांति दिवस के अवसर पर संत पापा से उन बच्चों के लिए प्रेरितिक आशीर्वाद की याचना की है जिन्होंने आज तक सिर्फ युद्ध ही देखा है।

सीरिया की सरकारी सेना ने एक लंबे समय तक हवाई हमले के बाद विद्रोही समूहों द्वारा नियंत्रित पूर्वी अलेप्पो पर पुनः कब्जा कर लिया है।

संत फ्राँसिस पल्ली के पल्लीपुरोहित फादर इब्राहम अल्साबाग ने 28 दिसम्बर को भेजे गये पत्र में बच्चों की पीड़ा और शांति के लिए प्रार्थना के प्रयासों के बारे में संत पापा को अवगत कराया।

फादर अल्साबाग ने लिखा है कि वर्षों से चल रहे गृह युद्ध से बच्चे सबसे अधिक पीड़ित हैं। कुछ बच्चों का जन्म बम विस्फोटों के समय हुआ। वे युद्ध के सिवा और कुछ नहीं जानते हैं। इन बच्चों ने ठंड, भूख, प्यास को सहा है। वे कुपोषण के शिकार हैं। पर्याप्त चिकित्सा देखभाल की कमी है। इनपर भारी मनोवैज्ञानिक दबाव पड़ा है उनके चेहरे में मुस्कुराहट नहीं पर बम विस्फोटों का भय साफ नज़र आता है। इन बच्चों ने अपना बचपन खो दिया है।

फादर अल्साबाग ने 1 जनवरी विश्व शांति दिवस के अवसर पर संत पापा फ्राँसिस को 'अहिंसा' के संदेश के लिए धन्यवाद दिया। फादर ने लिखा, ″हमारे पल्ली के रक्षक संत फ्राँसिस के समान युद्ध के दौरान हमने भी क्षमा के संदेशवाहक बनने की कोशिश की। येसु ने अपने उदाहरण द्वारा हमें अपने हत्यारों को माफ करना सिखाया।″

अलेप्पो में संत फ्राँसिस पल्ली हर महीने के प्रथम रविवार को हम बच्चों के साथ युद्ध को रोकने और शांति की स्थापना के लिए मिस्सा बलिदान अर्पित करते हैं और इस समय हत्यारों और दुश्मनों के लिए प्रार्थनाएँ चढ़ाई जाती हैं।

उन्होंने लिखा,″सहारा के सभी साधन समाप्त हो जाते हैं पर ईश्वर के प्रेम और उसकी शक्ति कभी समाप्त नहीं होती है। हम प्रेम, सत्य, और प्रार्थना जैसे केवल प्रभावी हथियार का उपयोग करते हैं।″  अंत में उन्होने संत पापा को धन्यवाद देते हुए, 1 जनवरी को बच्चों के लिए विशेष संदेश और आशीर्वाद की अर्ज की है।








All the contents on this site are copyrighted ©.