2016-10-05 16:03:00

भूकम्प पीड़ित आमात्रीचे, पेस्कारा, अरक्वेता और नोरचा में सन्त पापा फ्राँसिस की भेंट


वाटिकन सिटी, बुधवार, 5 अक्टूबर 2016 (सेदोक) : सन्त पापा फ्राँसिस ने मंगलवार 4 अक्टूबर को इटली के भूकम्प पीड़ितों के प्रति एकात्मता का प्रदर्शन करते हुए आमात्रीचे, पेस्कारा, अरक्वेता और नोरचा का दौरा किया। केन्द्रीय इटली में 24 अगस्त को आये भीषण भूकम्प में 298 लोग मारे गये हैं। जिसमें अमात्रिचे सर्वाधिक प्रभावित हुआ था। अमात्रिचे में सन्त पापा ने भूकम्प के बाद निर्मित एक अस्थायी स्कूल एवं कुछ तम्बुओं का दौरा किया। उनके साथ रियेती के धर्माध्यक्ष दोमेनिको पोमपीली भी थे।

पेस्कारा और त्रोंतो में संत पापा ने 100 से ज्यादा लोगों से मुलाकात की। संत पापा ने उन्हें अभिवादन कर कहा, ″मुझे आपलोगों के पास आने, आप लोगों के नजदीक रहने की बहुत इच्छा थी। मैं आप लोगों के दुःख और प्रियजनों को खोने की वेदना को अनुभव कर सकता हूँ। आपके प्रियजन यहाँ आपके साथ हैं। इस लिए मैं आज यहाँ आप लोगों के साथ रहना चाहता था।″

संत पापा ने कहा,″ आइए हम सब मिलकर प्रार्थना करें जिससे प्रभु हमें आशीष प्रदान करें और हमारे प्रियजनों को अनंत शाँति प्रदान करें। सबों ने एकसाथ प्रणाम मरिया प्रार्थना का पाठ किया और संत पापा ने उन्हें अपना आशीर्वाद दिया। पेस्कारा और त्रोंतो में संत पापा फ्राँसिस का साथ, अस्कोली पिचेनो के धर्माध्यक्ष जोवान्नी देरकोले ने दिया।

भूकम्प पीड़ित क्षेत्र के दौरे में संत पापा का अंतिम पड़ाव उम्ब्रिया का नोरचा था। उनके साथ स्पोलेतो-नोरचा के महाधर्माध्यक्ष रेमनातो बाकारदो थे। संत पापा ने बुरी तरह से विध्वंश हुए संत पेलेग्रीनो गिरजाघर के सामने लोगों से मुलाकात की। उन्होंने कहा, ″ मैं आपलोगों के दुःख की घड़ी में आपलोगों के साथ था और मैं आज आपलोगों के सामने हूँ मैं आपलोगों के लिए प्रार्थना करता हूँ कि प्रभु जीवन में आगे बढ़ने की कृपा और शक्ति प्रदान करें। साहस के साथ हमेशा आगे बढ़ते जाईए। बदलते समय के अनुसार हमें आगे बढ़ते जाना है। मैं आप के पास हूँ, मैं आपके साथ हूँ।″ इतना कहने के बाद संत पापा ने प्रणाम मरिया प्रार्थना की अगुवाई की और उन्हें अपनी आशीष प्रदान की।

 संत पापा फ्राँसिस ने भूकम्प पीड़ित क्षेत्र का दौरा समाप्त कर दोपहर 3.30 बजे वापस रोम के लिए प्रस्थान किया।








All the contents on this site are copyrighted ©.