2016-05-31 11:45:00

कार्डिनल ग्रेशियस ने गोला बारूद डिपो हादसे में सैनिकों की मौत पर गहन दुःख व्यक्त किया


पुलगाँव, मंगलवार, 31 मई 2016 (एशियान्यूज़): महाराष्ट्र के पुलगाँव में सेना के डिपो में विस्फोट से 17 सैनिकों की मौत पर  भारत की काथलिक कलीसिया ने गहन दुःख जताया है।

एशियान्यूज़ से भारतीय काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के अध्यक्ष एवं मुम्बई के महाधर्माध्यक्ष  कार्डिनल ग्रेशियस ने कहा, "भारत की काथलिक कलीसिया हमारे प्रिय सैनिकों की त्रासदिक मौत पर गहन शोक व्यक्त करती है।  

महाराष्ट्र में पुलगांव के भारत के सबसे बड़े सेन्ट्रल एम्यूनिशन डिपो में रात्रि के डेढ़ बजे आग लगने से सेना के दो अधिकरियों सहित 17 सैनिकों की मौत हो गई है तथा कम से कम 19 अन्य घायल हुए हैं।   

दुर्घटना का समाचार सुनने के बाद कार्डिनल ग्रेशियस ने कहा, "हमारे दिल प्राण गँवा चुके बहादुर सैनिकों और अधिकारियों के परिजनों के साथ हैं। प्रभु ईश्वर इस दुखद क्षण में उन्हें सान्तवना प्रदान करें तथा साहस, आशा एवं सम्बल का वरदान दें। इस दुखद हादसे में घायल हुए सैनिकों, अधिकारियों एवं उनके परिजनों के लिये भी हम प्रार्थना करते हैं। हमारे प्रिय राष्ट्र भारत की सुरक्षा के लिये आर्त निवेदन करते हुए हम इसे माता मरियम के संरक्षण के सिपुर्द करते हैं।"  

महाराष्ट्र के वर्धा ज़िले के निकट मौजूद सेन्ट्रल एम्यूनिशन डिपो में सेना का गोलाबारूद रखा जाता है। दुर्घटना के कारण का पता नहीं चल पाया है। सेना का गुप्तचर विभाग घटना की जाँचपड़ताल में लग गया है तथा अधिकारियों ने डिपो के आस-पड़ोस से लगभग 1000 लोगों को अपने घर खाली कर अन्यत्र जाने का आदेश दे दिया है इसलिये कि डिपो के अन्दर से गोलियाँ अथवा बारूद लोगों को क्षति पहुँचा सकता है।








All the contents on this site are copyrighted ©.