2016-05-21 17:19:00

दक्षिण सूडान में गोली मारी गयी धर्मबहन की मृत्यु


दक्षिण सूडान, शनिवार, 21 मई 2016 (वीआर सेदोक): सूडान पीपुल्स लिबरेशन आर्मी द्वारा सोमवार को कथित तौर पर गोली मारी गयी, काथलिक धर्मबहन वेरोनिका राकोवा की 20 मई को मृत्यु हो गयी।

दक्षिण सूडान स्थित मिशनरीस सिस्टर्स ऑफ द हॉली स्पिरिट की सदस्य सि. वेरोनिका को सूडान पीपुल्स लिबरेशन आर्मी ने 16 मई को उस समय गोली मार दी थी जब वे गर्भवती महिला को एक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाने के बाद वापस अपने कॉन्वेंट लौट रही थीं। उनकी मृत्यु 20 मई को केनिया के नाईरोबी अस्पताल में हो गयी जहाँ उनका इलाज चल रहा था।

सि. वेरोनिका को नाईरोबी के अस्पताल में मदद कर रही धर्मबहन नैन्सी ने कहा, ″सि. वेरोनिका को कमर की हड्डी में गंभीर चोट आयीं थीं तथा अंतड़ी एवं आंतरिक हिस्सों में कई छेद हो गये थे। 

सि. नैन्सी ने बतलाया कि सोमवार को मध्यरात्रि में सि. वेरोनिका को एक महिला से आपातकालीन बुलावा आया जो बच्चे को जन्म देने में कठिनाई महसूस कर रही थी। मामला गम्भीर होने के कारण उसका समाधान धर्मबहनों द्वारा संचालित स्वास्थ्य केंद्र में सम्भव नहीं था अतः उन्होंने उसे महिला एवं बच्चों के लिए बने बड़े स्वास्थ्य केंद्र में पहुँचा दिया, जो करीब 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थिति है। सि. वेरोनिका घर लौटते हुए आधे रास्ते पर थी जब उनके साथ दुर्घटना हो गयी।

58 वर्षीय सि. वेरोनिका दुर्घटना के समय अकेली थी क्योंकि चालक घर जा चुका था। दुर्घटना फैक्टरी के नजदीक हुई अतः उनकी चीखने सुन, काम करने वाले लोग उनकी मदद हेतु पहुँचे तथा उन्हें अस्पताल पहुँचाया। उनका अंतिम संस्कार 26 मई को किया जाएगा।

सि. वेरोनिका स्लोवाकिया की हैं तथा छः वर्षों से सूडान में अपनी सेवा दे रही थीं। येई धर्मप्रांत के महासचिव फा. एम्मानुएल सेवित ने अमेचेया ओनलाईन न्यूज़ से कहा कि सि. वेरोनिका को गोली मारा जाना एक अलग मामला है। येई सूडान के अन्य क्षेत्रों की अपेक्षा अधिक शांतिपूर्ण स्थान है। दुर्भाग्य से यह दुर्घटना सूडान पीपुल्स लिबरेशन मूवमेंट के गठन के 30 साल पूरा होने के उपलक्ष्य में उत्सव मनाये जाने के पूर्व संध्या को हुआ है। उन्होंने कहा कि सि. वेरोनिका को गोली मारे जाने की घटना ने पूरे देश को हैरान कर दिया है। तीन संदिग्ध सैनिकों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा पुलिस द्वारा उनकी जाँच चल रही है। 








All the contents on this site are copyrighted ©.