2015-10-03 16:34:00

शैतान के तीन रास्ते- धन, घमंड तथा सत्ता


वाटिकन सिटी, शनिवार, 3 अक्टूबर 2015 (वीआर सेदोक): ″जो कार्य आप करते हैं वह कठिन है जहाँ हमेशा संघर्ष है तथा जिसका समाधान आपको करना है एवं हिंसा को रोकना है। महादूत मिखाएल की मध्यस्थता द्वारा ईश्वर से प्रार्थना करें कि वह आपको धन, घमंड एवं सत्ता के प्रलोभन में पड़ने से बचाये। येसु के समान आपकी विनम्र सेवा ही अधिक फलप्रद एवं सभी के लिए उपयोगी सिद्ध होगी।″ यह बात संत पापा फ्राँसिस ने शनिवार 3 अक्टूबर को जेनडरमेरी के पुलिस अधिकारियों के लिए पावन ख्रीस्तयाग अर्पित करते हुए प्रवचन में कही।

उन्होंने प्रवचन में प्रकाशना ग्रंथ से लिए गये पाठ पर चिंतन किया जहाँ हम स्वर्ग में युद्ध छिड़ने की घटना का वर्णन पाते हैं।

उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी ओर करने के लिए शैतान के तीन प्रमुख रास्ते हैं धन, घमंड तथा सत्ता।

संत पापा ने कहा कि यह प्रलोभन सदा हमारे साथ होता है। हम अधिक धन कमाने के प्रलोभन में पड़ जाते हैं। घमंड हमें बेशर्म बना देता है तथा जब हमारे पास शक्ति होती है हम ईश्वर की बराबरी करने लगते हैं। यही हमारा संघर्ष है अतः संत पापा ने महादूत मिखाएल की मध्यस्थता द्वारा ईश्वर से प्रार्थना करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि हम येसु की विनम्रता का अपनायें जिन्होंने अपने शब्दों द्वारा नहीं किन्तु ईश वचन द्वारा शैतान पर विजय प्राप्त की।








All the contents on this site are copyrighted ©.