2015-07-02 16:22:00

रायपुर बलात्कार मामले में दिल्ली के काथलिकों का विरोध प्रदर्शन


नई दिल्ली, बृहस्पतिवार, 2 जुलाई 2015 (ऊकान)꞉ भारतीय काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन तथा दिल्ली महाधर्मप्रांत ने रायपुर में एक काथलिक धर्मबहन के बलात्कार मामले के विरोध में देश की ईसाई जनता के साथ एकात्मता प्रदर्शित करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

काथलिक धर्मबहनों पर बलत्कार के बढ़ते मामलों की निंदा करते हुए महाधर्माध्यक्ष अनिल कुटो तथा सी. बी. सी. आई महासचिव जोसेफ चेन्नाय्यन की अध्यक्षता में नई दिल्ली स्थित पवित्र हृदय महागिरजाघर के सामने करीब 200 काथलिकों ने विरोध प्रदर्शन किया।

विदित हो कि 19 जून को रायपुर में 47 वर्षीय धर्मबहन के बलत्कार की घटना कलकत्ता के 71 वर्षीय धर्मबहन के बलत्कार मामले के तीन ही महीने बाद घटी।

सभा में इस जघन्य कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए उन्होंने केंद्र सरकार से सुरक्षा सुनिश्चित करने विशेषकर, महिलाओं एवं अल्पसंख्यकों की रक्षा करने की मांग की।

महाधर्माध्यक्ष अनिल कुटो ने दिल्ली के धार्मिक स्थलों पर आक्रमण एवं रायपुर में धर्मबहन के साथ बलत्कार के आरोपियों को पकड़ने में सरकार की असफलता पर निराशा व्यक्त की।

उन्होंने कहा, ″यह स्पष्ट है कि ख्रीस्तीय समुदाय में हो रहे आक्रमणों को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया जा रहा है।″

उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि एक मिशनरी को बलत्कार द्वारा धमकाने और भय दिखाने का प्रयास किया जा रहा है जो कि व्यक्ति को अपमानित करने का निकृष्टतम तरीका है किन्तु हम अपने कार्यों से पीछे नहीं हटेंगे, हम ईश्वर की कृपा से आगे बढ़ते जायेंगे।

महाधर्माध्यक्ष ने कहा कि रायपुर की घटना कोई अकेली घटना नहीं है आये दिन ख्रीस्तीयों पर हिंसक हमले होते रहे हैं किन्तु हिंसा, भय अथवा मृत्यु ख्रीस्तीयों को उनके रास्ते से डिगा नहीं सकते।

 








All the contents on this site are copyrighted ©.